Friday, 11 July 2014

बजट

बजट
प्राचीन फ्रेंच में चमड़े के एक विशेष प्रकार के थैले को bouge  कहते थे। फ्रेंच में यह शब्द लैटिन के bulga  से आया। उसका अर्थ भी चमड़े का थैला ही था। मूलतः इस शब्द का अर्थ था चमड़े का बटुआ या थैली, जिसमें आम तौर पर मुद्रा, धन आदि रखा जाता था। प्राचीन काल से ही सिक्कों को छोटी झोली, थैले, बटुए आदि में रखकर साथ ले जाने की परम्परा रही है। धनवान लोग उसी में अपने काम भर मुद्राएं लेकर निकलते और उसी में से निकाल-निकालकर खर्च करते थे। फ्रेंच के bouge का रूप-विस्तार bougette  में हुआ, जहाँ से विकसित होकर यह अंग्रेजी का budget बन गया। 18वीं सदी में खजाने की देखभाल करनेवाले अधिकारी जब अपने आय-व्यय का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत करते तो कहा जाता था कि उन्होंने अपनी पोटली खोली या अपना थैला खोला। ध्यातव्य है कि अपने देश में कुछ-कुछ यही अर्थ-भंगिमा पिटारे या पिटारी के साथ भी जुड़ी है, जिसका संक्षिप्त रूप बटुआ होता है। 19 सदी में इस शब्द का अर्थ-विस्तार हुआ और यह सरकारी आय-व्यय की अर्थ-मर्यादा से बाहर निकलकर अन्य अर्थों में भी इस्तेमाल होने लगा।
आधुनिक अर्थ-व्यवस्था में, शासकीय सन्दर्भों में बजट का विशेष महत्त्व है। बजट में सरकारें यह निर्धारित और सार्वजनिक रूप से घोषित करती हैं कि अगले एक वर्ष के दौरान वे किन-किन मदों पर खर्च करेंगी और उन खर्चों की पूर्ति के लिए धन किन-किन स्रोतों से आएगा। आय-व्यय की विस्तृत जानकारी देते हुए वे आनुषंगिक रूप से अपनी प्राथमिकताओं को भी परिभाषित करती हैं। साथ ही देश की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों की विकास-दर, सकल घरेलू आय, उत्पादन आदि का आकलन भी बजट का आनुषंगिक हिस्सा रहता है। व्यय की मदों व तत्सम्बन्धी धन की राशि का निर्धारण और आय-कर, उत्पाद-शुल्क, आयात-निर्यात व्यय, विभिन्न अधिभारों आदि का विस्तृत आकलन भी बजट में प्रस्तुत किया जाता है।
लोक-जीवन में बजट की कई अन्य अर्थ-छवियाँ भी हैं, जैसे यदि कोई मद या सेवा बेचने या उपलब्ध करानेवाला खरीददार से पूछे कि आपका बजट कितना है, तो इसका आशय यह जानना होता है कि आप इस पण्य अथवा सेवा के लिए कितना धन व्यय कर सकते हैं। इसी प्रकार यदि कोई कहे कि मेरा सारा बजट गड़बड़ा गया, तो आशय है कि एक ही मद पर इतना व्यय हो गया कि अब बाकी मदों के लिए पर्याप्त राशि नहीं बची।
बजट से कई बार दाम की अल्पता का भी बोध होता है. जैसे बजट होटल- यानी सस्ता होटल।
बजट का हिन्दी प्रतिशब्द है- आय-व्ययक, जो बिलकुल सटीक है, और बजट से अधिक अर्थपूर्ण है।

तो आइए कहें कि आज वित्त मंत्री श्री जेटली ने देश का आय-व्ययक प्रस्तुत किया।

No comments:

Post a Comment